हापुड़। शादी-विवाह समारोह और घूमने जाने के लिए कोई भी व्यक्ति निजी बस की तरह रोडवेज बस की भी बुकिंग करा सकेगा। इसके लिए डिपो में यात्रा से एक सप्ताह पहले आवेदन करना होगा। लोगों को कम किराये में बस की सुविधा मिल सके इसके लिए परिवहन निगम ने 400 किलोमीटर तक के लिए 27,808 रुपये किराया निर्धारित किया है।
हापुड़ रोडवेज डिपो से विभिन्न मार्गों पर 139 बसों का संचालन होता है। परिवहन निगम के बेड़े में बसों की कमी नहीं है। डिपो ने अपनी आय बढ़ाने और लोगों की सुविधा के लिए निगम की बसों को बुक करने की सुविधा दी है। बुक करने से पहले बस दिखाई जाएगी। जिस बस को वह पसंद करता है उसी को बुक किया जाएगा।
आवेदक को गंतव्य स्थल के अलावा, यात्रियों के नाम पते, बोर्डिंग स्थल, आने का समय सहित कई जानकारियां देनी होंगी। बुकिंग के साथ ही उस बस के लिए चालक का नाम भी तय कर दिया जाएगा, ताकि बस बुक करने वाले को किसी तरह की दिक्कत न हो। परिवहन निगम के अनुसार, साधारण बसों की बुकिंग 24 घंटे और 400 किलोमीटर तक के लिए ही होगी। इसके लिए आवेदक को 27,808 रुपये चुकाने होंगे।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रणजीत सिंह का कहना है कि लोगों को कम किराए में बस की सुविधा मिल सके इसके लिए परिवहन निगम ने 400 किलोमीटर तक के लिए 27,808 रुपये किराया निर्धारित किया है। 400 किमी से अधिक दूरी होने पर आवेदक को प्रति किमी 65 रुपये अतिरिक्त चुकाने पड़ेंगे, जबकि इतनी ही दूरी के लिए प्राइवेट बस संचालक अधिक किराया वसूलते हैं।