बदायूं से दिल्ली जा रही कौशांबी डिपो की रोडवेज बस को गढ़ क्षेत्र में हाईवे पर हापुड़ डिपो की बस ने पीछे से साइड मार दी। जिससे तेज रफ्तार में आ रहा ट्रक भी कौशांबी डिपो की बस से भिड़ गया। इस हादसे में चालक और महिला-बच्चों समेत सात यात्री घायल हो गए।
कौशांबी डिपो की रोडवेज बस बदायूं से दिल्ली का जा रही थी। मंगलवार रात 8 बजे गढ़ क्षेत्र के गांव अठसैनी के सामने पहुंची तो पीछे से जा रही हापुड़ डिपो की बस ने ओवरटेक करने की कोशिश में उसको साइड मार दी।
इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रक भी नियंत्रित न होने से कौशांबी डिपो की बस में भिड़ गया। इस हादसे में तीनों वाहनों के शीशे चकनाचूर हो गए। जिससे कौशांबी डिपो का चालक कुलदीप कमालपुर और बस में सफर कर रहे दिलीप यादव फरुखाबाद,
रमेश इस्लामनगर बदायूं, सलीम, बाबू, निर्मला निवासी संभल और हनी निवासी मुरादाबाद घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को आनन फानन में स्थानीय नर्सिंग होम ले गई।
चिकित्सकों ने सभी की हालत खतरे से बाहर बताई है। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। रोडवेज बसों के दोनों चालक मौके पर मौजूद रहे।