हापुड़। हापुड़ नगर पालिका और बाबूगढ़ नगर पंचायत क्षेत्रों में दो करोड़ रुपये के विकास कार्य होंगे। यह कार्य मुख्यमंत्री अल्प विकसित मलिन बस्तियों में सड़क और नाली निर्माण के लिए हैं। डूडा विभाग को प्रत्येक क्षेत्र के लिए एक-एक करोड़ रुपये के बजट की स्वीकृति मिली है। वर्तमान में कार्यों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बनाई जा रही है।
हापुड़ पालिका क्षेत्र में एलएन रोड, चंडी माता मंदिर और मीनाक्षी रोड पर सड़कों की स्वीकृति मिली है। हालांकि, इन क्षेत्रों में पानी निकासी की जांचें पूरी होने के बाद ही निर्माण शुरू होगा। बाबूगढ़ में पांच सीसी सड़कें बनाई जाएंगी। इन कार्यों से एक हजार से अधिक परिवारों को लाभ मिलेगा।
मामले में एडीएम संदीप कुमार का कहना है कि संबंधित कार्यों के लिए बजट की स्वीकृति शासन से मिली है। कार्यों की डीपीआर बनाकर भेजी जा रही है।