नगर पालिका अधिकारियों की लापरवाही से मोहल्ला रफीकनगर के लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। इससे परेशान मोहल्ले की महिलाओं ने बुधवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायती पत्र देकर पानी का फ्री कनेक्शन दिलाने की मांग की।
बुधवार को कलक्ट्रेट पहुंची महिलाओं ने बताया कि रफीकनगर में लगे नलों में पीले रंग का पानी आ रहा है। इसे पीने से लोग बीमार हो रहे हैं। इसके बाद भी नगर पालिका और जल निगम के अफसर ध्यान नहीं दे रहे हैं। महिलाओं ने बताया कि मोहल्ले की पूरी बस्ती गरीब है और पानी कनेक्शन के लिए उनके पास रुपये नहीं हैं।
नगर पालिका पानी का कनेक्शन 2300 रुपये और 1400 रुपये लेबर चार्ज के मांगे जा रहे हैं। यह रकम बहुत अधिक है, जिस कारण मोहल्ले के लोग कनेक्शन लेने में असमर्थ है। लोगों ने जिलाधिकारी कार्यालय में डिप्टी कलेक्टर केबी सिंह को शिकायती पत्र देकर समस्या के समाधान की मांग की है।
डिप्टी कलेक्टर ने आश्वासन दिया कि जल्द समस्या का समाधान कराया जाएगा और ईओ को इस संबंध में नियमानुसार कार्यवाही के लिए निर्देशित किया जा रहा है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी एसके मिश्रा का कहना है कि मामले की जानकारी मिली है। प्रदर्शन में राधा, अफसाना, आतिका, रुखसार, नसीमा, शकीला, गुलिस्ता, गुलअफंशा, सिमरन, मिनल, रीना, निंशा, रजिया, रेशमा, हीना, जूनी आदि रहे।