हापुड़। भीषण गर्मी में ट्रेनों का बिगड़ा संचालन यात्रियों का पसीना छुड़ा रहा है। ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेनों के साथ नियमित ट्रेनें भी घंटों की देरी से स्टेशन पहुंच रही हैं। तेज धूप में ट्रेनों का इंतजार करते-करते यात्री बेहाल हो रहे हैं।
जोगबनी से आनंद विहार टर्मिनल जा रही ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन अपने निर्धारित समय से सात घंटे 30 मिनट, अयोध्या कैंट से आनंद विहार टर्मिनल जा रही ग्रीष्मकालीन एक्सप्रेस पांच घंटे, आनंद विहार टर्मिनल से अयोध्या कैंट जाने वाली स्पेशल ट्रेन चार घंटे, लखनऊ चारबाग से नई दिल्ली जा रही ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन दो घंटे 45 मिनट, पूर्णिया कोर्ट से आनंद विहार टर्मिनल जा रही ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन दो घंटे की देरी से स्टेशन आई।
बापूधाम मोतिहारी से चलकर आनंद विहार टर्मिनल जाने वाली चंपारण सत्याग्रह एक्सप्रेस चार घंटे, मुरादाबाद जंक्शन से गाजियाबाद जंक्शन जा रही मेमू ट्रेन तीन घंटे, प्रतापगढ़ जंक्शन से दिल्ली जा रही पद्मावत एक्सप्रेस दो घंटे 30 मिनट, प्रयागराज संगम से सहारनपुर जंक्शन जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस दो घंटे, लालगढ़ जंक्शन से डिब्रूगढ़ जाने वाली अवध असम एक्सप्रेस दो घंटे 30 मिनट, भुज से बरेली जा रही आला हजरत एक्सप्रेस दो घंटे देरी से पहुंची।
इनके अलावा बनारस से चलकर नई दिल्ली को जा रही काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस एक घंटा 40 मिनट, रक्सौल जंक्शन से आनंद विहार जा रही सत्याग्रह एक्सप्रेस एक घंटा 20 मिनट, कासगंज जंक्शन से नई दिल्ली जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस एक घंटा, बरेली जंक्शन से भुज को जा रही आला हजरत एक्सप्रेस एक घंटा, सहरसा जंक्शन से अमृतसर जंक्शन को जाने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस एक घंटा 30 मिनट तक रेल यात्रियों को इंतजार कराया।
मुरादाबाद रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव का कहना है कि ग्रीष्मकालीन ट्रेनों का संचालन होने के बाद रेलवे लाइन पर ट्रेनों का बोझ बढ़ गया है। इसके साथ ही विभिन्न रेलखंड में रेलवे लाइन मरम्मत कार्य के चलते भी संचालन प्रभावित हो रहा है। ट्रेनों के संचालन में सुधार के प्रयास जारी हैं।