थाना कोतवाली क्षेत्र के रामपुर रोड पर मीट फैक्ट्री के पास बृहस्पतिवार की शाम खेत में मिले शव की शिनाख्त करीमपुरा निवासी पशु व्यापारी के रूप में हुई। पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हत्या की सूचना मिलने से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। बृहस्पतिवार की शाम 22 वर्षीय एक युवक का शव रामपुर रोड स्थित खेत में पड़ा मिला था। शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
शुक्रवार की सुबह उसकी शिनाख्त रामपुर रोड स्थित करीमपुरा निवासी फिरोज पुत्र शरीफ के रूप में हुई। फिरोज पशुओं के खरीदने-बेचने का काम करता था। परिजनों के अनुसार 18 जनवरी को फिरोज घर से करीब साढ़े तीन बजे दोस्त के पास जाने की बात कहकर निकला था।
साथ ही वह घर से एक हजार रुपये लेकर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। मृतक के पिता ने हत्या का आरोप लगाते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
कोतवाली प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही घटना का सही खुलासा कर दिया जाएगा।