हापुड़। हाईवे-09 के किनारे बनीं सर्विस रोड और अंडरपास में डेढ़ से दो फीट तक जलभराव होने के कारण सोमवार को कई वाहन फंसकर बंद हो गए। इससे वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। शिकायतों के बाद भी एनएचएआई की टीम ने संज्ञान नहीं लिया। इससे वाहन चालकों में नाराजगी रही। जलभराव के कारण सर्विस रोड पर काफी देर तक वाहनों की रफ्तार धीमी रही। इसके चलते जाम लगा रहा।
रविवार की रात और सोमवार की सुबह के समय हुई बारिश के कारण हाईवे-09 के किनारे बनी सर्विस रोड और अंडरपास पूरी तरह से जलमग्न हो गए। वर्तमान में निजामपुर कट पर फ्लाईओवर का निर्माण चल रहा है। इसके चलते हाईवे-09 के मुख्य मार्ग पर यातायात को डायवर्ट किया गया है। हापुड़ की ओर से दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा की तरफ जाने वाले हजारों वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकाला जा रहा है।
बड़ी संख्या में वाहन सबली, पूठा हुसैनपुर, जेएमएस कॉलेज के बाहर बनी सर्विस रोड और अंडरपास से होकर निकल रहे हैं, लेकिन यहां पर डेढ़ से दो फीट तक जलभराव है। इस कारण हजारों लोग परेशान हो रहे हैं। ऐसे में पहले से अधिक यातायात का दबाव झेल रही सर्विस रोड पर स्थिति खराब हो गई। यही हाल बाबूगढ़, कुचेसर रोड चौपला में बनी सर्विस रोड और अंडरपास का है।
वाहनों के खराब होने के बाद लोग धक्के लगाकर इन्हें बाहर निकाल रहे हैं। दिल्ली की तरफ जाने वाले स्कूटी सवार अमित सिंह, ई-रिक्शा चालक रामेश्वर, कार चालक सुरेश चंद आदि ने बताया कि साइलेंसर में पानी घुसने के कारण बीच में ही वाहन खराब हो गया।
उन्होंने कहा कि हाईवे से जुड़े डायवर्जन मार्गों पर जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त होनी चाहिए। बारिश के दिनों में इन मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। ऐसे में जलभराव होने पर जाम और वाहनों के खराब होने की समस्या और गंभीर हो गई है। लोगों ने संबंधित विभाग से अंडरपास और सर्विस रोड से पानी की निकासी के साथ सड़क की व्यवस्था सुधारने की मांग भी की है।
फ्लाईओवर निर्माण के कारण हाईवे पर भी लगा लंबा जाम
फ्लाईओवर निर्माण के कारण जहां अंडरपास के आसपास लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है, वहीं निजामपुर कट के पास भी फ्लाईओवर निर्माण के कारण लंबा जाम लगा रहा। लोग एटीएमएस कट की ओर वाहन उतारकर सर्विस रोड की ओर निकलना शुरू हुए तो यहां भी जाम लग गया। ऐसे में लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी।
कोट
एनएचएआई के अधिकारियों को पानी भरने की सूचना दी गई है। साथ ही पत्राचार भी किया गया है। मौके पर टीम लगाकर पानी निकालने के आदेश दिए हैं। - संदीप कुमार, एडीएम