शिकायत के आधार पर शनिवार शाम तहसीलदार और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जरौठी रोड से मिठाइयों का स्टॉक पकड़ा। टीम ने मिठाईयों के नमूने भरे। आशंका है कि बाहर से मिठाई लाकर यहां के हलवाइओं को सप्लाई की जाती थी।
शनिवार को किसी व्यक्ति ने एडीएम रजनीश राय को फोन कर बताया कि जरौठी रोड पर एक व्यक्ति ने अपने घर पर बड़ी मात्रा में मिलावटी मिठाई का स्टॉक कर रखा है। सूचना के आधार पर एडीएम ने तहसीलदार सुभाष सिंह को कार्रवाई करने के आदेश दिए।
तहसीलदार सुभाष सिंह ने खाद्य निरीक्षक संदीप सिंह और टीम के साथ देर शाम छापा मारा। यहां से कई प्रकार की मिठाइयों का बड़ा स्टॉक मिला। टीम ने सफेद रसगुल्ले, बर्फी, डोडा बर्फी, सोनपापड़ी के नमूने लिए।
पूछताछ में पता चला है कि व्यक्ति बाहर से मिठाई लाकर यहां के हलवाइयों को सप्लाई करता था। ऐसे में मिठाइयों के मिलावटी होने की आशंका है। तहसीलदार सुभाष सिंह ने बताया कि मिठाई कहां से लाई जाती थी और कहां सप्लाई होती थी इस बात की जानकारी की जा रही है। इसके साथ ही नमूनों को जांच के लिए भेजा जा रहा है।