एसएसवी पीजी कॉलेज में लाइब्रेरी समय पर नहीं खुलने और बाहरी छात्रों के प्रवेश के विरोध में बुधवार को छात्रों का गुस्सा फूट गया। गुस्साए छात्रों ने प्राचार्य कक्ष में जमकर हंगामा किया।
बाद में प्राचार्य से समय पर लाइब्रेरी खुलने और बाहरी छात्रों के प्रवेश पर रोक लगाए जाने के आश्वासन पर स्टूडेंट्स शांत हुए। लगातार मिल रहीं शिकायतों के बावजूद कॉलेज में बाहरी छात्रों का प्रवेश नहीं रुक रहा है।
इससे कॉलेज का माहौल खराब हो रहा है। साथ ही समय पर कॉलेज की लाइब्रेरी नहीं खुलने से छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे गुस्साए छात्रों ने बुधवार को प्राचार्या कक्ष में जमकर हंगामा किया।
छात्र नेता सनी त्यागी ने कॉलेज में बाहरी छात्रों के प्रवेश पर रोक लगाए जाने की मांग की है। एबीवीपी के जिला संयोजक प्रशांत गौड़ ने कहा कि लाइब्रेरी के समय पर नहीं खुलने से स्टूडेंट्स को पढ़ाई में परेशानी हो रही है।
इस संबंध में कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। वहीं, प्राचार्या डॉ. शशि वशिष्ठ की ओर से लाइब्रेरी समय पर खोले जाने और बाहरी छात्रों का प्रवेश कॉलेज में नहीं होने के आश्वासन पर छात्र शांत हुए।
हंगामा करने वालों में फरहान खान, सुल्तान, वसीम, नाजिम, मुजिबुर्ररहमान, सुबोध कुमार, संदीप कुमार, रविंद्र यादव, सूरज कर्दम, आकाश चौधरी, सोमीन आदि मौजूद रहे।