संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। पटेल नगर स्थित रास स्थली में भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा सेवा समिति द्वारा आयोजित रजत महोत्सव के अंतिम दिन महारास लीला व श्याम सगाई लीला मंचन किया गया।
कार्यक्रम में वृंदावन धाम से आई फतेह कृष्ण शास्त्री की मंडली ने ठाकुर-ठकुराइन संग गोपियों के रास का दिव्य मंचन किया। श्याम की सगाई की मनोहारी झांकी ने भक्तों का मन मोह लिया। ठाकुरजी को लीची व आम के बंगले में डले झूले पर झूलन विहार के साथ रासलीला का समापन हुआ।
रविवार सुबह चंडी रोड स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर से भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य पालकी प्रभात फेरी का शुभारंभ हुआ। प्रभात फेरी चंडी मंदिर से प्रारंभ होकर चैंबर वाली गली, निहाल चंद बिल्डिंग सत्तीवाड़ा, गांधी गंज, छोटी मंडी, पापड़ वाली गली, छतरी वाला कुआं, चाह कमाल चौक, बराही मोहल्ला से होते हुए ब्रह्मनान पहुंचकर विश्राम किया।
इस मौके पर हरिओम अग्रवाल, गोपाल शर्मा, अंशुल मित्तल, संजय गुप्ता, संजीव, गोपाल, सुशील गोयल, संजय, अरविंद, अजय, दिनेश, अनुराग, जीतू, माधव, अपूर्व, पवित्र, मनीष, रमन और सौरभ सर्राफ आदि मौजूद रहे।