फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hapur News: आग से झुलसी महिला ने तोड़ा दम, लोगों ने किया हंगामा

विज्ञापन
हंगामा कर रहे लोगों को समझाते सीओ।  - फोटो : संवाद
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन


हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के गढ़ रोड स्थित मोहल्ला शिवनगर में सात दिन पहले पड़ोसियों द्वारा ज्वलनशील पदार्थ डालकर जलाए जाने से गंभीर रूप से झुलसी महिला सलोनी (25) की शनिवार देर रात दिल्ली के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। एंबुलेंस से रविवार शाम करीब पौने पांच बजे शव शिवनगर पहुंचा तो लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। मोहल्ले के बाहर ही लोगों ने एंबुलेंस को रोककर करीब एक घंटे तक शव एंबुलेंस से नहीं उतरने दिया। इस दौरान पुलिस के साथ लोगों की खूब नोकझोंक हुई। हालांकि पुलिस द्वारा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के आश्वासन पर लोग शांत हुए।

15 जून की रात करीब डेढ़ बजे शिवनगर में सलोनी अपनी दो बेटियों के साथ घर में सो रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस के रहने वाले मुकेश, गंगाराम, भोपाल, श्रीपाल व मुकेश के साले छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। उन्होंने सलोनी पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी।
विज्ञापन


गंभीर हालत में सलोनी को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया गया। सात दिन तक चले उपचार के बाद शनिवार देर रात सलोनी की मौत हो गई। औपचारिक कार्रवाई के बाद सलोनी के शव को रविवार शाम करीब पौने पांच बजे एंबुलेंस शिवनगर लेकर पहुंची। सूचना पर बड़ी संख्या में लोग मोहल्ले के बाहर एकत्र हो गए। लोगों ने एंबुलेंस को मोहल्ले में नहीं जाने दिया।
लोगों का आरोप था कि पुलिस ने अब तक सिर्फ एक आरोपी को ही गिरफ्तार किया है। जबकि बाकी नामजद चार आरोपी गायब हैं। स्थिति को भांपते हुए सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा, नगर कोतवाली प्रभारी मुनीष प्रताप सिंह, महिला थाना प्रभारी अरुणा राय व देहात थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि सुबह से ही तनाव की स्थिति को देखते हुए मोहल्ले में पुलिस फोर्स तैनात की गई थी।

शव उतारने को लेकर पुलिस के साथ लोगों की खूब नोकझोंक भी हुई। हालांकि पुलिस ने जल्द आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन देकर किसी तरह लोगों को शांत किया। शव के घर पहुंचते ही लोग बिलख उठे, हर किसी की आंखें नम रहीं। परिजनों ने अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दी।

पुलिस समय रहते कार्रवाई करती,तो नहीं होती वारदात

परिजनों के मुताबिक करीब डेढ़ माह पहले सलोनी के पति दीपू का पड़ोसी मुकेश से बाइक खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ था। आरोपी मुकेश ने बाइक खड़ी करने का विरोध करते हुए दीपू की मां को पीट दिया था। दीपू ने मामले की शिकायत पुलिस से की थी। शिकायत करने से गुस्साये आरोपी पक्ष के लोगों ने दीपू पक्ष पर एक युवती से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी थी। पुलिस समय रहते मामले में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करती तो सलोनी को इस दर्दनाक मौत का सामना नहीं करना पड़ता। पुलिस की इसी कार्यशैली को लेकर लोगों में रोष व्याप्त था।


बेटियों का रोकर बुरा हाल

सलोनी की दो बेटियां चार वर्षीय निया व दो वर्षीय रिया हैं। मां के निधन के बाद से उनका रो-रोकर बुरा हाल है। सलोने के पति दीपू भी इस हादसे के बाद से बेसुध हो रहे हैं। शोकाकुल लोगों की आंखों में आंसू थे। सलोनी का मायके मोहल्ला हरजसपुरा में होने के चलते मायके पक्ष के सैंकड़ों लोग भी मोहल्ला शिवनगर पहुंचे थे।
विज्ञापन


सीओ जितेंद्र शर्मा ने बताया कि इस मामले को गहनता से लिया जा रहा है। एक आरोपी मुकेश को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य आरोपियों की तलाश में टीमें जुटी हैं। जल्द हीं चारों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें