बाबूगढ़। थाना क्षेत्र के कस्बा स्थित मेडिकल स्टोर से नशीली दवा खरीदने के शक में सोमवार को पंजाब के जिला पटियाला के थाना शंभू पुलिस ने छापा मारा। इस दौरान स्टोर संचालक से काफी देर तक पूछताछ की गई। लेकिन दवाई यहां से खरीदने जाने की पुष्टि नहीं हुई। हालांकि मौके पर पहुंचे औषधि निरीक्षक ने स्टोर से दवाई के तीन सैंपल लिए हैं।
दरअसल, पंजाब के अमृतसर से पुलिस ने 20 जून को तरनतारन निवासी नरवेर सिंह को गिरफ्तार किया था। आरोपी को लेकर पंजाब के जिला पटियाला के थाना शंभू पुलिस के एएसआई जजविंदर सिंह सोमवार दोपहर यहां पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि आरोपी के पास से लोमोटिल नामक दवा की 4050 गोलियां बरामद हुई थीं। पूछताछ में उसने बताया कि उसने दवा बाबूगढ़ कस्बा क्षेत्र स्थित मेडिकल स्टोर से खरीदी थीं। सोमवार को वह अपनी पांच सदस्य टीम के साथ यहां पहुंचे। स्थानीय थाना पुलिस के साथ मिलकर उन्होंने कस्बा बाबूगढ़ स्थित मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। टीम ने संचालक को हिरासत में ले लिया और घंटों पूछताछ की। हालांकि पूछताछ में यह सिद्ध नहीं हो सका कि आरोपी ने इसी मेडिकल स्टोर से दवाएं खरीदी थीं। जिसके बाद पुलिस वापस लौट गई। वहीं, औषधि निरीक्षक ने स्टोर से अलग-अलग दवाओं के तीन नमूने लिए। जांच टीम के अनुसार आरोपी ने टीम को बताया था कि उसने बाबूगढ़ के मेडिकल स्टोर से दवा खरीदी थी। दरअसल, मुख्य चौराहे पर आसपास कई मेडिकल स्टोर हैं। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी ने बिना किसी पर्चे के यह दवाईयां खरीदी थीं। इससे पहले टीम ने गाजियाबाद में कुछ मेडिकल स्टोर की जांच की थी। लेकिन टीम को कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।