हापुड़। दिल्ली रोड स्थित आनंद विहार योजना के लिए एचपीडीए द्वारा अधिग्रहीत की गई दुकानों, भवनों व कृषि भूमि के विरोध में प्राधिकरण कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। राहत न मिलने पर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी दी गई।
भवन बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष ललित अग्रवाल छावनी ने कहा कि प्राधिकरण के गठन से पहले ही दिल्ली रोड पर भवन और दुकानें बनी हुई हैं। दुकानदारों और किसानों से बिना सहमति लिए ही प्राधिकरण ने इन भवन, दुकानों के अलावा कृषि भूमि का अधिग्रहण कर लिया।
नूतन प्रकाश त्यागी ने कहा कि प्राधिकरण के तत्कालीन वीसी ने प्रतिष्ठानों को विनियमित करने की इच्छा जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि मकानों व दुकानों को विनियमित करने से आवासीय योजना पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
प्राधिकरण अब किसानों और दुकानदारों से जमीन को अधिग्रहण मुक्त करने के नाम पर 19 हजार वर्ग मीटर मांग रहा है। जबकि उसी भूमि का 261 वर्ग मीटर की दर से मुआवजा तय किया गया है। इन समस्याओं के निस्तारण को लेकर काफी समय से धरना प्रदर्शन व मांग उठाई जा रही है। लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका है। जनप्रतिनिधि भी उनकी कोई मदद नहीं कर रहे हैं। इसके विरोध में सोमवार अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है। इस मौके पर पप्पू त्यागी, सुबोध, संजय, दीपक, हरि प्रकाश, मनीष, जोनी, राजू मौजूद रहे।