पिलखुवा। सरस्वती मेडिकल कॉलेज में बृहस्पतिवार सुबह बैठक के दौरान प्रो. शिव कुमार गुप्ता की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना से कॉलेज परिसर में शोक का माहौल है।
संस्थान प्रबंधन के अनुसार गाजियाबाद के कवि नगर निवासी 46 वर्षीय प्रो. शिव कुमार गुप्ता दिसंबर 2023 से सरस्वती मेडिकल कॉलेज में कार्यरत थे। बृहस्पतिवार सुबह बैठक के दौरान उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा। मौके पर मौजूद चिकित्सकों ने उन्हें तत्काल चिकित्सकीय सहायता देने का प्रयास किया लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। अचानक हुई घटना से कॉलेज के चिकित्सकों, शिक्षकों और कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई।
संस्थान प्रबंधन ने प्रो. शिव कुमार गुप्ता के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे संस्थान की अपूरणीय क्षति बताया। अस्पताल के मीडिया समन्वयक दीपक शर्मा ने प्रो. शिव कुमार गुप्ता के निधन की पुष्टि की है। आवश्यक औपचारिकताओं के बाद उनका पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया।