हल्की बूंदाबांदी के कारण बुधवार तड़के करीब पांच बजे हाईटेंशन लाइन में फाल्ट से प्रीत विहार बिजलीघर फिर करीब पांच घंटे तक ठप रहा। इससे पूरा प्रीत विहार, आधा दर्जन गांव सहित दिल्ली रोड के दर्जनों मोहल्लों की आपूर्ति गुल रही।
सुबह उठने पर लोगों को पानी की किल्लत से भी जूझना पड़ा। प्रीत विहार बिजलीघर से गांव पूठा, सबली, अच्छैजा, रघुनाथपुर, चमरी, प्रीत विहार, आनंद विहार व दिल्ली रोड के कई मोहल्लों को बिजली आपूर्ति दी जाती है।
बुधवार तड़के हल्की बूंदाबांदी के दौरान मोदीनगर रोड बिजलीघर से प्रीत विहार बिजलीघर को आ रही हाईटेंशन लाइन में फाल्ट हो गया। इससे पूरा बिजलीघर ठप हो गया। आनन फानन में कर्मियों ने लाइन की पेट्रोलिंग शुरू कर दी।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद फाल्टों को ढूंढा जा सका। इस दौरान लोगों को बिजली न होने के कारण पानी भी नहीं मिल सका। सुबह करीब 9 बजे फाल्ट को दुरुस्त किया गया। आए दिन फाल्ट होने से स्थानीय लोगों में गुस्सा है।
लाइन पार के मोहल्लों सर्वोदय कॉलोनी, असौड़ा रोड, आवास विकास में भी आपूर्ति बाधित रही। अधिशासी अभियंता सचिन कुमार ने बताया कि बारिश के कारण लाइन में फाल्ट हो गया था। इसके चलते यह समस्या हुई। आपूर्ति सुचारु करवा दी गई है।