हापुड़। नक्का कुआं के पास रामलीला के मेले में ठेकेदार ने करीब 20 लाख की बिजली चोरी कर दुकानदारों को बांट दी। इस मेले के उद्घाटन में ऊर्जा निगम के अधिकारी भी अतिथि बनकर पहुंचे थे, लेकिन उन्हें इसकी भनक नहीं लगी। बृहस्पतिवार रात में विजिलेंस ने छापा माराकर चोरी पकड़ी। ठेकेदार समेत तीन के खिलाफ तहरीर दी गई है।
रामलीला मेले की ठेकेदारी को लेकर हर साल ठेकेदारों में ठनती है, इस बार नक्का कुआं पर लगे मेले में भी ऐसा ही कुछ हुआ। क्योंकि इसमें बिजली चोरी की जिस तरह सूचना दी गई, वह बिल्कुल सटीक थी। हालांकि गोपनीय तरीके से शिकायत लखनऊ में की गई थी। इसका संज्ञान लेकर बृहस्पतिवार रात प्रवर्तन दल के एई एससी यादव के नेतृत्व में एसडीओ द्वितीय अंकित कुमार, प्रभारी उप निरीक्षक शफीक अहमद, सुमित, लवलेश कुमार, नीरज कुमार आदि के साथ रामलीला मेले में पहुंचे। एससी यादव ने बताया कि मेला परिसर की जांच की गई, जिसमें बिना कनेक्शन स्वीकृति के ही चार कोर का केबल डालकर करीब 70 मीटर दूर से एलटी लाइन से बिजली की चोरी की जा रही थी। चेकिंग में करीब 17.811 किलोवाट की चोरी पकड़ी गई। विजिलेंस के अधिकारियों ने बताया कि करीब 20 लाख की चोरी पकड़ी गई है। गगन अग्रवाल उर्फ नन्हे ठेकेदार समेत तीन के खिलाफ तहरीर दी गई है।
-विजिलेंस के बुलाने पर पहुंचे एक अधिकारी उद्घाटन में थे शामिल
विजिलेंस ने कार्रवाई के बाद ऊर्जा निगम के अधिकारियों को बुलाया। इसमें एक अधिकारी मेले के उद्घाटन समारोह में भी शामिल थे। लेकिन उन्हें भी चोरी करने की भनक नहीं लग सकी।
मेले में लगने वाली हर दुकान से बिजली का लेते हैं पैसा
रामलीला मेले में लगने वाले हर दुकानदार से ठेकेदार बिजली के पैसे लेता है। वैकल्पिक तौर पर जनरेटर की भी व्यवस्था की गई थी। लेकिन इसकी आड़ में बिजली चोरी की जा रही थी। हर साल इसी तरह चोरी की जाती रही, लेकिन इस बार मामले का पर्दाफाश हो गया।
गढ़ डिवीजन में सबसे अधिक गड़बड़ झाला-
गढ़ डिवीजन में भ्रष्टाचार की सारी हदें पार हैं। यहां के राजस्व का काम देखने वाले अधिकारी ने निगम के सरकारी नोटिसों में फर्जीवाड़ा कर, उपभोक्ताओं से जमकर वसूली की। इस तरह के अनेकों नोटिस सामने आए, लेकिन अधिकारी जांच के नाम पर उसे बचाते गए। इतना ही नहीं अब उक्त अधिकारी को एसडीओ का चार्ज भी दे दिया गया है।
जनरेटर से बिजली की व्यवस्था की ही जानकारी-
मेले में जनरेटर से बिजली की व्यवस्था किए जाने की ही जानकारी है। ठेकेदार ने बिजली की चोरी क्यों कि इसकी जानकारी नहीं है। चोरी से तार डालने की भी कोई जानकारी रामलीला समिति को नहीं है।कौशल, अध्यक्ष रामलीला समिति।
बिजली चोरी का मामला गंभीर
मेले में इतने बड़े पैमाने पर बिजली चोरी किए जाने का स्थानीय अधिकारियों को पता न लगना गंभीर मामला है। इसकी जांच कर, आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।यूके सिंह, अधीक्षण अभियंता।