विद्युत निगम संविदा कर्मियों ने किया प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
वेतन संबंधी समस्या पर बुधवार को भी विद्युत निगम के संविदा कर्मचारियों ने कार्य का बहिष्कार कर टाउन हॉल बिजलीघर पर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। संविदा कर्मियों ने राहत नहीं मिलने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।
प्रदर्शनकारी संविदाकर्मियों ने बताया कि वह कड़ी मेहनत से बिजली व्यवस्था को दुरुस्त रखने का कार्य करते हैं। एक ही डिवीजन में तैनात संविदा कर्मचारियों को अलग-अलग वेतन मिल रहा है। ठेकेदार उनके हिस्से के वेतन को भी अपने जेब में रख रहा है। यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इससे गुस्साए संविदाकर्मियों ने बुधवार को टाउन हॉल बिजलीघर परिसर में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उन्होंने विद्युत निगम के अफसरों पर भी अनदेखी का आरोप लगाया गया है।
समस्या से राहत नहीं मिलने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है। उधर, अधिशासी अभियंता पीके गौतम का कहना है कि इस मामले में ठेकेदार को बुलाया गया है। कर्मचारियों की समस्या को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उनकी हर समस्या का निस्तारण कराया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में सतीश, राकेश कुमार, शिवकुमार, संजय, गुरमीत, राकेश, मनोज समेत दर्जनों कर्मचारी मौजूद रहे।