त्योहार के मद्देनजर बसों के बेहतर संचालन को लेकर हापुड़ डिपो के अफसर 28 अक्तूबर से त्योहार प्रोत्साहन योजना शुरू करने जा रहे हैं। 10 दिन तक बिना अवकाश के 3000 किमी बस चलाने वाले चालकों को वेतन से अलग 3500 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
वहीं, गैर हाजिर रहने वाले कर्मियों को संविदा समाप्त और निलंबन की चेतावनी दी है। हापुड़ डिपो से विभिन्न मार्गों पर 103 बसों का संचालन होता है। दीपावली के मद्देनजर हजारों की संख्या में यात्री इन बसों में सफर करते हैं,
लेकिन बिन बताए चालक/परिचालकों के अनुपस्थित रहने से बसों का संचालन बिगड़ जाता है। इससे यात्रियों को परेशानी होती है। इसके लिए 28 अक्तूबर से छह नवंबर तक हापुड़ डिपो के अधिकारी त्योहार प्रोत्साहन योजन शुरू कर रहे हैं।
इन 10 दिनों में 3000 किलोमीटर से अधिक बस चलाने वाले चालकों को 3500 रुपये और वर्कशॉप कर्मियों को 10 दिन तक बिना अवकाश लिए कार्य करने पर 1063 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
दीपावली के दौरान बसों का बेहतर संचालन बनाए रखने के उद्देश्य से कर्मियों को उपस्थित रहने के संबंध में नोटिस जारी कर आदेश का पालन नहीं करने वाले कर्मियों की संविदा समाप्ता/निलंबन की चेतावनी दी गई है।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एनपी सिंह का कहना है कि 28 अक्तूबर से प्रोत्साहन योजना शुरू हो जाएगी। 10 दिन तक उपस्थित रहने वाले कर्मियों को प्रोत्साहन राशि से लाभांवित किया जाएगा।
निर्धारित दूरी से प्रतिदिन अधिक बस चलाने पर चालकों को अलग से 55पैसे/किलोमीटर की दर से भुगतान किया जाएगा। कर्मचारियों की अनुपस्थिति बर्दाश्त नहीं होगी।