पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र में एटीएम पर झांसा देकर 50 हजार रुपये निकालने की घटना सामने आई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सर्वोदयनगर निवासी विनोद कुमार ने बताया कि पिछले महीने दोपहर करीब दो बजे वह यूनियन बैंक शाखा के एटीएम पर रुपये निकालने गए थे। वहां खुद को एटीएम गार्ड बताने वाले अज्ञात व्यक्ति ने मशीन खराब होने की बात कहकर पास के दूसरे बैंक के एटीएम से रुपये निकलवाने का बहाना बनाया।
आरोप है कि उसने कार्ड मशीन में फंसा दिया और बैंक कर्मचारी को बुलाने के लिए भेज दिया। वापस लौटने पर आरोपी कार्ड लेकर फरार हो गया। पीडि़त ने बैंक पहुंचकर खाते को रोकने के लिए कहा, लेकिन इसी दौरान एटीएम से 10-10 हजार रुपये करके पांच बार में कुल 50 हजार रुपये निकाल लिए गए। सीओ अनीता चौहान ने बताया, रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।