हापुड़। जिले में प्रदूषण की स्थिति शनिवार को भी ख्रराब रही। वायु गुणवत्ता कल के बजाय 40 अंक गिरकर 350 दर्ज किया गया। लेकिन धुंध और इससे होने वाले दुष्प्रभावों से राहत नहीं मिल सकी। लगभग पूरे दिन आसमान में घटा जैसी छाई रही और लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। हालांकि शनिवार को नगर पालिका की टीम सडक़ों पर छिडक़ाव जरूर करती नजर आई।
लगातार प्रदूषण का स्तर बढऩे से आमजन का जीवन भी पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। कामकाज से लेकर सुबह की सैर तक पर प्रदूषण का गहरा असर पड़ा है। बड़ी बात है कि स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है और दिवाली से पहले ही एक्यूआई चार सौ के करीब पहुंच गया है।
आग जलाने पर लगेगा जुर्माना, क्षेत्र में निकली टीमें
पिछले कुछ दिनों की लापरवाही के बाद अब जिम्मेदार कार्रवाई की बात कर रहे हैं। हालांकि यह कार्रवाई किस हद तक कारगर साबित होगी यह देखना होगा। नगर पालिका के ईओ सौरभ नाथ ने बताया कि नगर पालिका टीम लगातार पानी की छिडक़ाव कर रही है। इसके अलावा कूड़ा जलाने पर 20 हजार रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। नगर पालिका की टीमें क्षेत्र में निकलकर इसकी जांच कर रही हैं। नगर पालिका क्षेत्र में यदि कूड़ा जलता पाया गया, या अन्य लापरवाही पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी।
आंखों में हो रही जलन, सांस लेने में दिक्कत
प्रदूषण का स्तर बढ़ते ही लोगों को समस्याएं होने लगी हैं। घरों से बाहर निकलने वाले लोगों को आंखों में जलन हो रही है और बुजुर्ग लोगों को सांस लेने में दिक्कत शुरू हो गई है। जैसे जैसे धुंध बढ़ेगी, लोगों को यह दिक्कतें और बढ़नी शुरू हो जाएंगी।
कोट- प्रदूषण को बढ़ने से रोकने के लिए जो भी संभव प्रयास होंगे किए जाएंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। इसके लिए संबंधित विभागों को आदेश दिए जा रहे हैं।-संदीप कुमार, एडीएम।