गढ़मुक्तेश्वर। क्षेत्र में लोकसभा चुनाव शांतिपूर्ण कराने के लिए पुलिस ने एक नई पहल की है। शातिर बदमाश किसी तरह की गड़बड़ी न कर सकें, इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। सर्किल क्षेत्र के 800 से अधिक शातिर अपराधियों को ‘लाल कार्ड’ देकर चेतावनी दी गई है कि यदि मतदान वाले दिन किसी भी स्तर पर गड़बड़ी हुई तो जेल भेज दिए जाएंगे।
लोकसभा चुनाव की घोषणा होते ही पुलिस ने अपनी रणनीति तैयार कर ली थी। गढ़ सर्किल में चुनाव में किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वाले संभावित 2 हजार से अधिक लोगों को पाबंद किया जा चुका है। इन सभी पर थाना स्तर पर शांतिभंग के तहत कार्रवाई हुई है। इसके अलावा पुलिस ने अपने स्तर पर ऐसे सक्रिय खुराफातियों को भी चिह्नित किया है, जो चुनाव वाले दिन पुलिस के लिए सिरदर्द बन सकते हैं। क्षेत्र में ऐसे 800 लोग चिन्हित किए गए हैं, जिनसे पुलिस को चुनाव में व्यवधान फैलने का खतरा है। ऐसे सभी खुराफातियों को पुलिस ने एक ‘लाल कार्ड’ जारी किया है। इनसे एक फार्म भी भरवाया जा रहा है। इसका मुख्य मकसद शांतिपूर्ण तरीके से लोकसभा चुनाव को संपन्न कराना है। पुलिस स्तर पर जिन लोगों को ‘लाल कार्ड’ दिया जा रहा है, उसमें लिखा गया है कि गोपनीय सूचना के अनुसार वह लोकसभा चुनाव 2024 मेें व्यवधान उत्पन्न कर सकते हैं, इसलिए उन्हें सचेत किया जाता है कि उनके द्वारा कोई ऐसा काम न किया जाए, जिससे चुनाव में व्यवधान पैदा हो। यदि ऐसा हुआ तो उन्हें जेल भेजा जाएगा। खुफिया विभाग व पुलिस सबकी गतिविधियों पर बराबर नजर रखे है। सोमवार को गढ़ कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र के गांव दौताई, बदरखा, सरुरपुर, अल्लाबख्शपुर समेत अन्य गांवों में पैदल मार्च करते हुए लाल कार्ड भी वितरण किए है। सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि ‘लाल कार्ड’ सभी थाना स्तर पर बंटवाए जा चुके हैं। पुलिस द्वारा चिह्नित किए गए लोगों को यह कार्ड दिए जा रहे हैं और उनसे एक फार्म भी भरवाया जा रहा है। इसके बाद भी यदि इन लोगों द्वारा कोई गड़बड़ी की जाती है तो सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।