हापुड़। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने बेरोजगारों को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 58 पासपोर्ट, 122 वीजा, बारकोड, मुहर, नकदी, लैपटाप, मोबाइल व कार बरामद की है। आरोपी अब तक करीब 60 लोगों को शिकार बनाकर लाखों रुपये की ठगी कर चुका है।
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि गढ़मुक्तेश्वर निवासी शाहरुख ने पुलिस से शिकायत करते हुए बताया था कि एक व्यक्ति ने उसे व उसके रिश्तेदारों को कुवैत में नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी कर ली है। जिसके बाद पुलिस और साइबर क्राइम की टीम ने मामले की जांच शुरू की। एसपी ने बताया कि थाना साइबर क्राइम प्रभारी निरीक्षक नजीर अली खान की टीम ने शातिर ठग राशिद पुत्र बाबू शेख निवासी गांव हकीमगंज थाना अजीमनगर जिला रामपुर को छिजारसी टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने मोबाइल में सऊदी अरब के नंबर से व्हाट्सएप इंस्टॉल कर रखा है। बेरोजगार लोगों को व्हाट्सएप कॉल करके आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर उनसे उनका पासपोर्ट मांग लेता था। इसके बाद आरोपी फर्जी वीजा, टिकट, मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, उनके पासपोर्ट पर एंबेसी की फर्जी मुहर लगाकर उन्हें विदेश में नौकरी का विश्वास दिलाता था। लोगों का विश्वास जीतने के बाद आरोपी उनसे ऑनलाइन रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लेता था। एसपी ने बताया कि आरोपी शातिर किस्म का साइबर ठग है। अब तक करीब 60 लोगों से धोखाधड़ी कर लाखों रुपये की ठगी कर चुका है। एक व्यक्ति से आरोपी ने दो से तीन लाख रुपये तक ठगे हैं। हालांकि अभी तक उसके द्वारा किसी को विदेश भेजे जाने की जानकारी नहीं मिली है। पुलिस आरोपी के अन्य साथियों की तलाश में जुटी है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसपी ने खुलासा करने वाली टीम का उत्साहवर्धन करते हुए नकद पुरस्कार देकर उन्हें सम्मानित किया।
आरोपी कुवैत में कर चुका है काम
पुलिस ने पूछताछ में बताया कि आरोपी कुवैत में रहकर काम कर चुका है। कुवैत में रहने के दौरान उसके पास भारत से लोगों के नौकरी लगवाने के कॉल जाते थे। जिसे देखते हुए उसने ठगी की योजना बनाई और भारत आकर इस धंधे में उतर गया। पिछले कई महीने से वह खुद को विदेश में बताकर ठगी कर रहा था। सऊदी अरब के नंबर से व्हाट्सएप कॉल देखकर लोग उस पर आसानी से विश्वास कर लेते थे। पुलिस अब उसके साथियों की तलाश कर रही है।