धौलना। थाना धौलाना पुलिस ने गैंगस्टर व जिला बदर शातिर अपराधी इस्ते उर्फ इस्तेकार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस व प्रशासन के अफसरों ने आरोपी की धौलाना स्थित करीब एक करोड़ रुपये की कोठी को बृहस्पतिवार को कुर्क कर लिया। इस दौरान यहां ढोल बजाकर कुर्क संबंधी बोर्ड लगाया गया।
इस्ते प्रधान पर हाल ही में पुलिस ने गैंगस्टर के बाद जिला बदर की कार्रवाई की थी। बृहस्पतिवार को एसडीएम संतोष उपाध्याय, सीओ जितेंद्र शर्मा, थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट पुलिस टीम के साथ उसके गांव बझैड़ा कला पहुंचे और शातिर अपराधी इस्ते की कोठी को कुर्क कर दिया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने कुर्क की गई कोठी पर सरकारी बोर्ड लगाकर खरीद फरोख्त पर रोक लगाई है। इस्ते प्रधान पूर्व जिला पंचायत सदस्य है, जबकि उसकी पत्नी फिलहाल में जिला पंचायत सदस्य है। सीओ जितेंद्र शर्मा ने बताया कि डीएम के निर्देश पर गैंगस्टर एक्ट के तहत यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी शातिर अपराधी है। जिसके विरुद्ध जनपद के अलावा गाजियाबाद, मेरठ व बुलंदशहर में लूट, चोरी, डकैती, हत्या का प्रयास, गैंगस्टर एवं अन्य मामलों में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। वह थाना कपूरपुर के टॉप टेन अपराधियों में शामिल है। हाल ही में उसे छह माह के लिए जिला बदर किया गया है।