पिलखुवा में पुलिस परीक्षा केंद्र के निरीक्षण के दौरान जानकारी करते डीएम व एसपी। संवाद
हापुड़। जिले में आठ से दस जून तक उत्तर पुलिस आरक्षी भर्ती लिखित परीक्षा आयोजित होगी। नौ परीक्षा केंद्रों पर होने वाली परीक्षा में 24192 अभ्यर्थी शामिल होंगे। शनिवार को डीएम कविता मीना ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक होगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले केंद्रों पर पहुंचना होगा ताकि जांच और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जा सके। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक पाली में 384 से 480 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। डीएम कविता मीना ने पिलखुवा के परीक्षा केंद्र और शहर के एसएसवी इंटर कॉलेज का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा।
पुलिस भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रश्न पत्रों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। वहीं, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष टीमें भी सक्रिय रहेंगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर हाई रिजाल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों को
जिला मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम के साथ-साथ पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड से भी लाइव जोड़ा जा रहा है। परीक्षा कक्ष, प्रवेश द्वार और परिसर की गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
डीएम कविता मीना ने सभी परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पानी, शौचालय सहित अन्य सुविधाओं की व्यवस्था करने के लिए निर्देशित किया।