संवाद न्यूज एजेंसी
सिंभावली। गांव रझैड़ा निवासी युवक की हत्या करने के उद्देश्य से कार पर फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दस हजार के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल एक आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि गांव रझैड़ा निवासी बीनू यादव ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह गांव से जनपद बुलंदशहर में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गया था। जहां उसका गांव निवासी सोनू यादव समेत अन्य लोगों से विवाद हो गया। शादी समारोह से लौटने के दौरान सोनू यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर गांव के निकट उसकी कार पर फायरिंग की। जिसमें वह बाल-बाल बच गया। लेकिन कार क्षतिग्रस्त हो गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की गई। जिसमें घटना के मुख्य आरोपी सोनू यादव पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था। जिसकी तलाश की जा रही थी। रविवार को सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी सोनू को बक्सर नहर रेग्यूलेटर के पास से गिरफ्तार कर लिया है। जिसके पास से एक तमंचा और कारतूस भी बरामद किया गया है। इससे पहले भी पुलिस एक आरोपी को पिस्टल समेत गिरफ्तार कर चुकी है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।