हापुड़। नगर कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बंद मकानों में चोरी करने वाले गिरोह के एक शातिर सदस्य गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए हुए गहने, सिक्के व अवैध असलाह बरामद किया है। शातिर चोर ने दो माह पहले मोहल्ला जसरूपनगर व केशवनगर फूटी लाइन स्थित दो मकानों को अपना निशाना बनाया था।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट व उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर शाहिद उर्फ साहिल निवासी गांव परतापुर थाना पिलखुवा को प्रीत विहार रेलवे लाइन के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी ने चार अक्तूबर को करीब चार बजे मोहल्ला केशवनगर फूटी लाइन निवासी अनीता शर्मा के बंद मकान को अपना निशाना बनाया था। अनीता शर्मा अपनी पुत्रवधू महिमा के साथ बाजार गई हुई थीं। इनके अलावा आरोपी ने मोहल्ला जसरुपनगर बदहेस्ता स्कूल के पीछे निवासी जयप्रकाश के बंद मकान से करीब 30 हजार रुपये की नकदी व सोने चांदी के गहने चोरी हुए थे। 27 सितंबर को वह मकान का ताला लगाकर ड्यूटी पर गए हुए थे। सीओ ने बताया कि एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। केशवनगर चौकी प्रभारी बालेंद्र सिंह की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।