हापुड़। बुधवार देर रात थाना देहात पुलिस की ददायरा फाटक के पास 25 हजार के इनामी बदमाश से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। घायल बदमाश देहरादून के थाना बसंत विहार थाने से डकैती के मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, पुलिस ने बदमाश के कब्जे से दिल्ली से चोरी की गई बाइक व अवैध हथियार बरामद किया है।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि बुधवार की देर रात थाना प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ ददायरा फाटक के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच एक युवक बाइक पर आता हुआ दिखाई पड़ा। पुलिस ने युवक को रुकने का इशारा किया, लेकिन युवक पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास करने लगा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली युवक के पैर में जा लगी, इससे वह घायल हो गया।
पकड़े गए युवक की पहचान शातिर बदमाश कपिल कुमार उर्फ रावण पुत्र निर्दोष कुमार निवासी गांव नियामु थाना चरथावल जिला मुज्जफरनगर के रूप में हुई है। आरोपी देहरादून के थाना बसंत विहार से डकैती के एक मामले में वांछित चल रहा था। जिस पर देहरादून पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था। पुलिस आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी है।