फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hapur News: हाईवे पर 64 लाख की लूट का खुलासा, मुठभेड़ के बाद पांच आरोपी दबोचे

Fri, 13 Feb 2026 09:30 PM IST
गाजियाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हापुड़
विज्ञापन
विज्ञापन
हापुड़। पिलखुवा में हाईवे 09 पर 31 जनवरी 2025 को बाइक सवार धान व गेहूं व्यापारी से हुई 64 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। आरोपी पिछले तीन महीने से बैकों की रेकी कर मोटी रकम निकालने वालों पर निगाह रख रहे थे। पुलिस ने बदमाशों से लूटी हुई रकम में से 44,37,000 रुपये की नकदी व 2,94,000 रुपये से खरीदे गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त स्कूटी, व दो बाइक बाइक के अलावा एक चेकबुक भी बरामद की है।
विज्ञापन

एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि राजस्थान के सीकर जिला निवासी राकेश हापुड़ के कसेरठ बाजार निवासी वैभव शुक्ला के साथ चावल का कारोबार करते हैं। 31 जनवरी की दोपहर उन्होंने हापुड़ स्थित एचडीएफसी बैंक से 64 लाख रुपये निकाले थे। यहां से रुपये लेकर वह बाइक से दिल्ली में कुछ लोगों को देने के लिए निकले थे। जैसे ही वे पिलखुवा में हाईवे 9 पर अनवरपुर कट के पास पहुंचे तो स्कूटी सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर उन्हें रोक लिया। हवा में फायर करते हुए बदमाशों ने व्यापारी से रुपयों से भरा बैग लूट लिया और छिजारसी टोल की ओर फरार हो गए थे। पुलिस ने घटना का खुलासे करने के लिए आठ से अधिक टीमें लगाई थीं। सीसीटीवी और सर्विलांस आदि की मदद से पुलिस बदमाशों तक पहुंची।
एसपी ने बताया कि शुक्रवार तड़के पिलखुवा पुलिस और स्वॉट टीम पिलखुवा के सिखैड़ा बंबे के पास चेकिंग कर रही थी। तभी कुछ बाइक सवार संदिग्ध आते दिखाई दिए। रोकने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर कर भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने कुल पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान रईस निवासी गांव तीतली के साथ गौतमबुद्धनगर, दानिश निवासी मुरादनगर गाजियाबाद, जुनैद निवासी कल्याणपुरी दिल्ली, सरफराज निवासी गांव तीतली, गौतमबुुद्धनगर व रौनक निवासी गांव खगोई सिंभावली के रूप में हुई।
विज्ञापन


85 लाख की लूट की तरह ही मिला सुराग
घटना में पकड़ा गया सिंभावली निवासी रौनक भी व्यापारियों के यहां पल्लेदारी का कार्य करता है। उसे पता था कि कुछ व्यापारी यहां से मोटा कैश उठाते हैं। इसकी जानकारी उसने अपने साथी दानिश को दी थी। दानिश ने इस बात की जानकारी अपने जेल के साथी रईस को दी। रईस का अपना अलग गैंग है और इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम देता है। सभी ने अन्य साथियों को इसमें मिलाया और करीब पिछले तीन माह से इस पूरे मामले की रेकी कर रहे थे। घटना के दिन स्कूटी पर जुनैद, दानिश और एक अन्य फरार चल रहे साथी के साथ घटना को अंजाम दिया। इस दौरान बाकी साथी कुछ दूरी बनाकर साथ चल रहे थे। लूट की घटना को अंजाम देकर आरोपी टोल के पास एक खेत में स्कूटी को फेंककर विजयनगर पहुंच गए थे और यहीं उन्हें रकम को आपस में बांट लिया था।

सभी आरोपी दूर दराज के इलाकों में भागे
पुलिस के अनुसार लूट की घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी दूर दराज के क्षेत्रों में फरार हो गए थे। बदमाश गोवा, मनाली, उज्जैन आदि स्थानों के लिए रवाना हो गए थे और यहां इन्होंने काफी दिनों तक खूब ऐश की, लेकिन पुलिस एक के बाद एक परतें खोलती गई और बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
कोट -
एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि घटना में शामिल तीन आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार पुलिस दबिश दे रही है। उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके अलावा घटना का खुलासा करने वाली स्वॉट व पिलखुवा कोतवाली पुलिस को 25 हजार रुपये का इनाम दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें