बाबूगढ़। थाना क्षेत्र के गांव छपकौली में काली नदी में शुक्रवार को मगरमच्छ दिखाई दिया। हालांकि, सूचना देने के बाद भी वन विभाग की टीम बृहस्पतिवार की घटना के करीब 24 घंटे बाद पहुंची। इससे ग्रामीणों में रोष दिखाई दिया। टीम ने काफी देर तक मगरमच्छ की तलाश की, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया।
बृहस्पतिवार को मगरमच्छ ने दो गायों को काली नदी में खींच लिया था, लेकिन ग्रामीणों के प्रयास के बाद दोनों को बचा लिया गया। सूचना के बाद भी वन विभाग की टीम शुक्रवार दोपहर बाद मौके पर पहुंची। इस दौरान मगरमच्छ धूप सेंकता हुआ नजर आया। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। कुछ ही देर में मगरमच्छ आंखों से ओझल हो गया। ग्रामीण सतीश मसंद ने बताया कि मगरमच्छ की सूचना एक दिन पहले ही वन विभाग को दे दी गई थी, लेकिन टीम करीब 24 घंटे बाद पहुंची। वन रेंजर मुकेश कांडपाल ने बताया कि मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।