पिलखुवा। कोतवाली थाना क्षेत्र के हिम्मतनगर चौराहे के पास पुलिस टीम ने मुठभेड़ में पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनमें से तीन बदमाश हिंडालपुर गांव के पास निर्माणाधीन फैक्टरी में हुई लूट में वांछित चल रहे थे। पुलिस ने बदमाशों से तमंचा, कारतूस, चाकू और बाइक बरामद की है।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान हिम्मतनगर चौराहे के पास मुठभेड़ में मेरठ के लिसाडी गेट थाना क्षेत्र के उज्जवल गार्डन निवासी इरशाद, इकबाल, मिलन पैलेस न्यू शानदार गार्डन निवासी जानू उर्फ जान मोहम्मद, शहजाद और मेरठ के श्यामनगर कॉलोनी निवासी मो. फुरकान को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से तीन तमंचे, कारतूस, दो चाकू और बाइक बरामद की है। सीओ ने बताया कि इरशाद, जानू उर्फ जान मोहम्मद और इकबाल ने 29 सितंबर की रात अपने साथियों के साथ मिलकर हिंडालपुर स्थित निर्माणाधीन फैक्टरी में लूट की घटना को अंजाम दिया था। बदमाश सुरक्षा गार्ड को बंधक बनाकर 100 केवीए का ट्रांसफार्मर और तार लूटकर ले गए थे। पुलिस घटना का पूर्व में खुलासा कर चुकी है, तीनों आरोपी वांछित चल रहे थे। उन्होंने बताया कि आरोपी हापुड़ के अलावा मेरठ, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लूट, चोरी समेत अन्य दर्जनों आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। वह बिजली तार और सामान चोरी, लूट करने वाले गैंग के सक्रिय सदस्य है। आरोपियों को मजिस्ट्रेट के आदेश पर जेल भेजा गया है।