हापुड़। पिलखुवा में 85 लाख की लूट के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे 50 हजार के इनामी रिफाकत को केरल राज्य के कोच्चि से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को वहां की अदालत ने पेश कर ट्रांजिट रिमांड ली और शाम को हापुड़ के लिए रवाना हो गई। रविवार शाम तक उसके हापुड़ पहुंचने की संभावना है।
खल, चूरी, घी कारोबारी के मुनीम से हुई 85 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बाद से आरोपी रिफाकत की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस को पता चला था कि आरोपी लूट के रुपयों के साथ केरल के कोच्चि में रह रहा है। उसने वहां किसमस पर बड़ी पार्टियों में भी हिस्सा लिया था। सूचना के बाद से पुलिस की एक टीम कोच्चि रवाना हो गई थी। शनिवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद आरोपी को वहां की अदालत में पेश कर उसका ट्रांजिट रिमांड लिया और सड़क मार्ग से हापुड़ के लिए रवाना हो गई। सीओ सुनीता चौहान ने बताया कि रिफाकत आरोपी ललित के पड़ोसी गांव नालू खुर्द जिला अमरोहा का रहने वाला था। पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर उससे घटना के संबंध में पूछताछ और बरामदगी का प्रयास करेगी।