गढ़मुक्तेश्वर। साइबर ठगी कर लोगों से लाखों रुपये हड़पने के मामले में वांछित आरोपी को साइबर क्राइम सेल प्रभारी और कोतवाली पुलिस ने गांव हशुपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि मंगलवार की रात साइबर क्राइम सेल प्रभारी प्रबल कुमार पंकज कोतवाली पुलिस को लेकर आरोपी गुरमीत सिंह की गिरफ्तारी के लिए गांव हशुपुर पहुंचे। वहां पर श्री साईं कोल्ड ड्रिंक स्टोर नाम से दुकान अथवा फर्म की जानकारी की गई, लेकिन इस नाम की कोई फर्म नहीं मिली। इसी दौरान सूचना के आधार पर गांव अठसैनी के जंगल वाले मार्ग पर दबिश दी गई। वांहां, कार में मौजूद गुरमीत पुलिस को दिखाई दिया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
प्रबल कुमार पंकज ने बताया कि पूछताछ में गुरमीत ने जानकारी दी कि सोशल मीडिया पर बने ग्रुप के माध्यम से वर्ष 2024 में 74 लाख 77 हजार रुपये से अधिक की हेराफेरी की है। इनमें से 74 लाख 42 हजार रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर दिए। आरोपी ने बताया कि उसने और ग्रुप पर जुड़े लोगों ने साइबर ठगी कर विभिन्न खातों में धनराशि ट्रांसफर की है।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस और कार बरामद हुई है। जिन्हें कब्जे में ले लिया गया है। आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया गया है।