हापुड़। नगर कोतवाली पिलखुवा क्षेत्र के गांव पीपलाबंदपुर निवासी बिजेंद्र सिंह को झांसे में लेकर साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से 9.72 लाख रुपये निकाल लिए। फोन पर रुपये निकलने का मैसेज आने के बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ। थाना साइबर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बिजेंद्र सिंह ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनका पिलखुवा स्थित एक्सिस बैंक में खाता है। 23 दिसंबर 2025 को उनके मोबाइल नंबर पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले साइबर ठग ने अपनी बातों में फंसाकर उन्हें झांसे में ले लिया और खाते की जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद साइबर ठग ने उनके खाते से 9.72 लाख रुपये निकाल लिए। उनके फोन पर रुपये निकलने का मैसेज आने पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ। वह बैंक पहुंचे और अधिकारियों को ठगी होने की जानकारी दी। इस पर अधिकारियों ने उनके खाते को होल्ड कर दिया। इसके बाद वह थाना साइबर अपराध पहुंचे और पुलिस से मामले की शिकायत की।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि व्यक्ति की तहरीर पर साइबर ठगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मोबाइल नंबरों के आधार पर पुलिस साइबर ठगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।