हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राजीव विहार पीपल वाली गली में युवतियों पर अश्लील फब्तियां कस रहे मनचले की लोगों ने जमकर धुनाई कर डाली। इसके बाद भीड़ ने मनचले को पुलिस को सौंप दिया।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि मोहल्ला राजीव विहार पीपल वाली गली में रविवार को एक मनचला आने जाने वाली युवतियों पर अश्लील फब्तियां कस रहा था। इस दौरान भीड़ ने युवक को पकड़कर जमकर धुन दिया। इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना एंटीरोमियो टीम की प्रशिक्षु महिला उपनिरीक्षक सोनी यादव को दी। सूचना पर महिला उपनिरीक्षक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंची। इस दौरान पुलिस टीम ने मनचले को भीड़ से बचाया। पूछताछ में आरोपी की पहचान राहुल निवासी गांव दस्तोई के रूप में हुई है। सीओ ने बताया कि पुलिस ने आरोपी राहुल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।