गढ़मुक्तेश्वर। महाकुंभ जाने के लिए इस बार परिवहन निगम ने तैयारी तो बहुत की, लेकिन लोगों को रोडवेज की अपेक्षा निजी बसें ज्यादा भा रही हैं। वजह है बेहतर सुविधा व किराया भी ज्यादा न होना। परिवहन अधिकारियों ने अब ट्रैवल एजेंसी की तर्ज पर पूरी बस को बुक करने की सुविधा भी शुरू कर दी है। इसमें 50 यात्रियों की बुकिंग पर दो यात्रियों को निशुल्क यात्रा कराई जाएगी।
महाकुंभ जाने के लिए रोडवेज की बस का किराया एक तरफ से 968 रुपये का है। वहीं, यात्रा का आयोजन करने वाले संचालक निजी बस के जरिए 2300 से 2500 रुपये में आवागमन करा रहे हैं। इसमें वह यात्री को चाय-नाश्ता व खाना भी दे रहे हैं। महाकुंभ के अलावा आसपास के धार्मिक स्थलों पर भी दर्शन कराने का पैकेज संचालकों द्वारा दिया जा रहा है, जो महाकुंभ जाने वालों को काफी लुभा रहा है। यदि कोई श्रद्धालु रोडवेज बस से जाता है तो उसे आने-जाने के 1936 रुपये खर्च करने होंगे। बस भी रोडवेज बस अड्डे से मिलेगी और वहीं पर उतारेगी। महाकुंभ में बस ले जाने वाले जितेंद्र सिंह बताते हैं कि लोगों को उनकी सुविधा रोडवेज बस से ज्यादा पसंद आ रही है। रोडवेज की साधारण बस में सफर करने की बजाए डीलक्स बस में सफर आरामदायक होता है। इसके अलावा निजी बस में एक चालक-परिचालक के अलावा हेल्पर भी भेजा जा रहा है। जो यात्रियों का सामान ठीक से उतारकर नीचे रखता है। आने-जाने के दौरान चाय, नाश्ता और भोजन की व्यवस्था कराई जा रही है। इन्हीं सुविधाओं को देखते हुए लोग रोडवेज बसों की अपेक्षा संचालकों द्वारा जारी पैकेज को तरजीह दे रहे हैं।
बस बुक करने पर परिवहन विभाग दे रहा दो यात्रियों की छूट
निजी बसों को पछाड़ने के लिए अब परिवहन निगम ने भी नई स्कीम शुरू कर दी। रोडवेज बस का किराया एक तरफ का 968 रुपये है। ऐसे में 52 सीटर बस ले जाने पर 50,336 रुपये किराया बनता है। निगम ने अब इसमें भी छूट देनी शुरू कर दी है। अगर प्रधान या कोई व्यक्ति अपने गांव से रोडवेज बस ले जाएं तो पूरी बस बुकिंग पर दो सवारियों का यानी 1936 रुपये की छूट मिलेगी।
क्या बोले अधिकारी
शासन स्तर से पूरी बस बुक करने पर दो यात्रियों को निशुल्क यात्रा का ऑफर दिया गया है। इसको लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। रोडवेज बस में ही सफर करना फायदेमंद है।
- हेमंत मिश्रा, एआरएम