‘प्लीज गुरुजी! पास करवा दो, कॉपी पर मेरा मोबाइल नंबर लिखा हुआ है, मिस कॉल कर देना। पास होते ही ढेर सारी मिठाई से आपका मुंह मीठा कराने आऊंगा।’ इस तरह की अपील बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन के दौरान कॉपियों पर देखने को मिल रही हैं।
इन्हें पढ़कर शिक्षकों का भी खूब मनोरंजन हो रहा है। यूपी बोर्ड परीक्षा का इन दिनों मूल्यांकन कार्य चल रहा है। एसएसवी इंटर कॉलेज में हाईस्कूल व मारवाड़ इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की कॉपियां जांची जा रही हैं।
मारवाड़ इंटर कॉलेज में मूल्यांकन के दौरान कॉपियों में छात्रों द्वारा पास करने की ऐसी अपीलें देखने को मिल रहीं हैं, जिन्हें देख शिक्षक भी अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं।
सोमवार को अंग्रेजी के कॉपी में छात्र ने हिंदी में अपील लिखी कि गुरुजी इस परीक्षा में उसे पास करा दो, उसका मोबाइल नंबर कॉपी पर लिखा है, सिर्फ एक मिस कॉल कर देना।
वह मिठाई लेकर आएगा...। शिक्षक ने जब उक्त प्रार्थना पत्र को प्रधानाचार्य को दिखाया तो वह भी अपनी हंसी नहीं रोक सके।
प्रधानाचार्य राजेश यादव ने बताया कि इस तरह की अपीलें कई कॉपियों में मिल चुकी हैं। छात्रों को नंबर सिर्फ उनके सही जवाबों पर ही दिए जाएंगे। इस तरह की अपीलों का कोई औचित्य नहीं है।