ब्रजघाट। पितृ विसर्जनी अमावस्या पर आज बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा में स्नान कर पितरों का तर्पण करेंगे। श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण हाईवे पर जाम लग सकता है, लेकिन पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा से लेकर हाईवे को जाममुक्त रखने का दावा किया है।
16 दिनों से चल रहा श्राद्ध पक्ष रविवार को पितृ विसर्जनी अमावस्या के दिन संपन्न हो जाएगा। ब्रजघाट में पितरों का तर्पण और पिंडदान करने के लिए श्रद्धालुओं का आगमन शनिवार से शुरू हो गया। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि पितृ विसर्जनी अमावस्या के मद्देनजर ब्रजघाट में लाखों भक्तों का आवागमन होना है। इसलिए हाईवे को जाममुक्त रखने और भक्तों की सुरक्षा के लिए सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद कर ली गई हैं। नगर पालिका चेयरमैन राकेश कुमार बजरंगी का कहना है कि श्रद्धालुओं के लिए रेन बसेरे के साथ ही शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कराई जा रही है। गंगा में बैरिकेडिंग और घाटों पर सफाई व्यवस्था भी दुरूस्त रखने का निर्देश दिया गया है। गंगा तट पर नाविकों और गोताखोरों की तैनाती भी रहेगी। श्रद्धालुओं को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
जाम लगने पर इन रास्तों का करें इस्तेमाल
नेशनल हाईवे पर जाम जैसी स्थिति उत्पन्न होने पर दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़ की तरफ जाने वाले भक्त ब्रजघाट से पलवाड़ा रोड वाया डेहरा कुटी से वैट होकर जाम से बचते हुए हाईवे पर पहुंच सकेंगे। मेरठ, बागपत, बड़ौत, किठौर क्षेत्र के भक्त गांव अल्लाबख्शपुर के सामने से महमाई रोड होकर गढ़ कस्बे से निकलकर मेरठ रोड पर पहुंच सकेंगे। बुलंदशहर, स्याना, औरंगाबाद के भक्त ब्रजघाट वाया पलवाड़ा रोड होकर लौट सकेंगे।