थाना कपूरपुर क्षेत्र में शव मिलने के बाद जांच करने पहुंची पुलिस। संवाद
धौलाना। थाना कपूरपुर क्षेत्र के डहाना गांव के जंगल में शुक्रवार सुबह पिकअप चालक आस मोहम्मद (54) का शव पेड़ पर लटका मिला है। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। आस मोहम्मद पिकअप चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
पुलिस के अनुसार नयाबास गांव निवासी आस मोहम्मद बृहस्पतिवार शाम किसी काम से कहकर घर से निकले थे। इसके बाद घर नहीं पहुंचे। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों की सूचना पर डाहना पहुंची पुलिस ने शिनाख्त के बाद परिजनों को जानकारी दी। ग्रामीणों का कहना है कि हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाया गया है।
परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। परिजनों का कहना था कि हत्या की गई है। पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि मामला आत्महत्या का लग रहा है, हालांकि सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।