फार्मासिस्ट की अनिवार्यता से संचालकों में रोष
- फोटो : अमर उजाला
मेडिकल स्टोर पर फार्मासिस्ट की अनिवार्यता के विरोध में फुटकर दवा विक्रेताओं ने रोष जताया है। बृहस्पतिवार को हापुड़ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन ने फार्मासिस्ट की अनिवार्यता, ड्रग लाइसेंस के नवीनीकरण में हो रही
परेशानी और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा किए जा रहे शोषण के संबंध में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर राहत की गुहार लगाई है। एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बताया कि फुटकर दवा विक्रेताओं की दुकान पर फार्मेसिस्ट की अनिवार्यता को
लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा फार्मासिस्ट एसेसिएशन मिलकर शोषण कर रहे हैं। उनके लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं करके कार्रवाई का भय बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ड्रग एंड कॉस्मेटिक रूल 1945 के रूल 65 में दुकान पर फार्मेसिस्ट को रखने संबंधी कोई प्रावधान नहीं है।
फिर भी उन्हें उच्च न्यायालय का आदेश बता परेशान किया जा रहा है। इसके विरोध में बृहस्पतिवार को फुटकर दवा विक्रेताओं ने जिला मुख्यालय पर काफी हंगामा किया।
इस समस्या से राहत दिलाने के संबंध में विक्रेताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर राहत की गुहार लगाई है। इस मौके पर ब्रजभूषण अग्रवाल, सीएम शर्मा, योगेश शर्मा, अमित ढंग, संजीव शर्मा, मोहम्मद उबैद, मुकेश, परवेज आलम, लव गोयल, गौरव गर्ग मौजूद रहे।