ग्राम पंचायत चुनाव की मतगणना रविवार को नवीन मंडी में होगी। शुक्रवार को हापुड़ विकास खंड से अभिकर्ताओं को मतगणना कर्मियों के पास बनाकर दे दिए गए।
शिकायत पर प्रशासनिक अफसरों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में अभिकर्ताओं के दोबारा से पास बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
रविवार को गढ़ रोड स्थित नवीन मंडी में मतगणना होगी। मतगणना में कोई विवाद न हो इसलिए अभिकर्ताओं के भी पास बनाए जा रहे हैं।
शुक्रवार को हापुड़ ब्लॉक से अभिकर्ताओं को मतगणना कर्मियों के पास बनाकर दे दिए गए। पास लेने के लिए भारी संख्या में अभिकर्ता ब्लॉक पहुंचे थे।
इसलिए पहले पास लेने की जद्दोजहद में अभिकर्ताओं ने भी पास पर ध्यान नहीं दिया। काफी देर बाद गांव होशियारपुर गढ़ी निवासी जिशान ने इसकी शिकायत प्रशासनिक अफसरों से की। इससे पास जारी करने वाले कर्मियों में हड़कंप मच गया।
आनन फानन में कर्मियों ने अभिकर्ताओं के दोबारा पास बनाने शुरू कर दिए थे। एडीओ पंचायत रेनू श्रीवास्तव का कहना है कि कुछ पास में दिक्कत थी जिन्हें सही करा दिया गया है।