हापुड़। लाठीचार्ज के विरोध में आंदोलनरत अधिवक्ताओं की मांगे पूरी न होने पर हापुड़ बार एसोसिएशन द्वारा शुक्रवार को घोषित महासम्मेलन की अनुमति प्रशासन ने नहीं दी है। लेकिन इसके बावजूद बार एसोसिएशन ने महासम्मेलन करने की घोषणा करते हुए तैयारियां पूरी कर ली हैं। ऐसे में शुक्रवार को एक बार फिर पुलिस और अधिवक्ताओं की बीच टकराव की स्थिति बन सकती है। बिना अनुमति महासम्मेलन करने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करने की बात कह रही है।
29 अगस्त को प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा अधिवक्ताओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में अधिवक्ताओं का आंदोलन जारी है। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के हड़ताल वापसी के आदेशों को दरकिनार करते हुए इस आंदोलन को तेज करने के लिए हापुड़ बार एसोसिएशन ने 29 सितंबर को महासम्मेलन आयोजित करने की घोषणा की थी। इसके लिए हापुड़ बार एसोसिएशन ने डीएम को पत्र देते हुए सम्मेलन को आयोजित करने की अनुमति मांगी थी। लेकिन बृहस्पतिवार को इस संबंध में सदर एसडीएम सुनीता सिंह ने पत्र जारी करते हुए अनुमति देने से इन्कार कर दिया।
एसडीएम ने कानून व्यवस्था बिगड़ने का दिया हवाला
एसडीएम द्वारा जारी पत्र में हवाला दिया गया है कि 29 सितंबर को श्री दिगंबर जैन समाज द्वारा शहर में हर वर्ष की भांति विशाल शोभा यात्रा आयोजित की जा रही है। जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गढ़ रोड और मुख्य चौराहों से होकर गुजरेगी। इस यात्रा में भारी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं। जिलाधिकारी के आदेश पर जिले में धारा 144 भी लागू है। इसके अलावा भारी संख्या में अधिवक्ताओं के महासम्मेलन में भाग लेेने की संभावना और उनके द्वारा तत्कालिक निर्णय देते हुए रोड जाम, टोल फ्री कराया जाना, आमजन मानस, पुलिसकर्मियों के साथ कहासुनी अभद्रता कर कानून व्यवस्था को प्रभावित किया जा सकता है। ऐसे में फ्रीगंज रोड पर आयोजित होने वाले इस महासम्मेलन को आयोजित करने की संस्तुति नहीं की जा सकती। ऐसे में कोतवाली पुलिस को प्रभारी कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया है।
फ्रीगंज रोड की दोनों साइड ब्लॉक करेंगे वकील
अधिवक्ताओं ने कचहरी परिसर के बाहर फ्रीगंज रोड की दोनों साइडों को ब्लॉक कर महासम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस दौरान पार्किंग की व्यवस्था भी सड़क पर ही रहेगी। लेकिन महासम्मेलन में आने वाले अधिवक्ताओं की संख्या 10 से 15 हजार हो सकती है, ऐसे में यह स्थान काफी कम है। ऐसी स्थिति में यहां व्यवस्था बिगड़ने के पूरे आसार हैं। इस स्थिति में तहसील और मेरठ तिराहे पर जाम की स्थिति बन सकती है और इससे लोगों को परेशानियों का सामना भी करना पड़ सकता है।
बिना अनुमति सम्मेलन करने वालों पर होगी एफआईआर
बिना अनुमति महासम्मेलन आयोजित करने वाले अधिवक्ताओं पर पुलिस कार्रवाई के लिए भी तैयार है। हापुड़ एसपी अभिषेक वर्मा का कहना है महासम्मेलन का आयोजन किया जाता है तो पुलिस संबंधित अधिवक्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करेगी। कानून व्यवस्था न बिगड़े इसके लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। फिलहाल किसी प्रकार का रूट डायवर्जन नहीं किया गया है। लेकिन शहर में जाम या इसी प्रकार की अन्य अव्यवस्थाओं से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा तो उस समय की परिस्थिति को देखते हुए निर्णय लिया जाएगा।
तैयारियां पूरी, सफल होगा सम्मेलन
बार एसोसिएशन के सचिव नरेंद्र शर्मा का कहना है कि हापुड़ बार की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी जगहों से अधिवक्ता इसमें भाग लेंगे। सफल महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी की सहमति से आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा।