नमक बंद होने की अफवाह से मची अफरा तफरी
- फोटो : अमर उजाला
नोटों के बाद नमक को लेकर अफरा तफरी का माहौल होने से गढ़-ब्रजघाट समेत देहात में नमक खरीदने को भारी भीड़ उमड़ रही है। दुकानों पर लंबी कतार लग गई हैं, जहां 70 रुपये किलो तक के रेट में नमक की बिक्री हो रही है।
शुक्रवार दोपहर अचानक नमक बंद होने की अफवाह क्षेत्र में फैल गई। गंगा मेले में भी नमक बंद होने की अफवाह फैल गई। हजार और पांच सौ के नोटों का चलन बंद होने से गरमाया माहौल अभी शांत भी नहीं हो पाया है कि शुक्रवार को नमक पर पाबंदी की अफवाह फैल गई।
इसके साथ ही गढ़-ब्रजघाट समेत समूचे देहात क्षेत्र में नमक खरीदने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। किराना और परचून की दुकानों पर ग्राहकों का तांता लग गया। मौके की नजाकत का फायदा उठाकर दुकानदार भी खूब चांदी बना रहे हैं।
वह 70 रुपये किलो तक का रेट वसूल रहे हैं। नमक पर पाबंदी की अफवाह इस कदर फैल रही है कि ग्राहक चार गुना तक रेट अदा करने में भी कोई गुरेज नहीं कर रहे हैं। गंगा मेले में भी दिनभर नमक पर पाबंदी की अफवाह उड़ती रही।
पूर्व प्रधान फारूक, होटल कारोबारी मुकेश गुप्ता, दवा कारोबारी वसीम चौधरी, ग्राम पंचायत सदस्य फकीरा खां, प्रदीप कौशिक आदि का कहना है कि नमक पर पाबंदी को लेकर अफरातफरी मची है।
एसडीएम आरएन पांडेय का कहना है कि नमक पर पाबंदी की बात अफवाह है। इसकी आड़ में मनमाना रेट वसूलने वाले दुकानदारों को चिंहित कराकर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई कराई जाएगी।