लोगों ने दी बिजलीघर घेरने की चेतावनी
- फोटो : अमर उजाला
अघोषित बिजली कटौती से परेशान चंडी रोड के लोगों का गुस्सा बृहस्पतिवार दोपहर फूट पड़ा। भड़के लोगों ने विद्युत निगम के खिलाफ जमकर हंगामा किया। चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अघोषित बिजली कटौती से निजात नहीं मिली तो उपभोक्ता बिजलीघर का घेराव करेंगे।
बृहस्पतिवार दोपहर चंडी रोड मोहल्ले के लोग एकत्रित हुए और विद्युत निगम के खिलाफ हंगामा करने लगे। आक्रोशित लोगों ने बताया कि बिजली के आने और जाने का कोई समय नहीं है। सुबह और शाम बिजली की कटौती की जा रही है।
इससे पहले भी कई बार कटौती से निजात दिलाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान अब तक नहीं हुआ है, अगर कटौती से निजात नहीं मिली तो मोहल्ले के लोग आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
हंगामा करने वालों में अनूप सैनी, सुरेश चंद, गौरव प्रजापति, अनिल सैनी, मनोज सैनी, मोहित, आशीष, कपिल और जयभगवान शामिल रहे।
इस संबंध में अधिशासी अभियंता अजय ओझा ने बताया कि कटौती लखनऊ से की जा रही है। उच्च अधिकारियों से वार्ता की जा रही है। जल्द ही कटौती से निजात मिलने की उम्मीद है।