अल्लाबख्शपुर गांव जैसे ही हालात हापुड़ के अशोक नगर मोहल्ले के भी हैं। यहां पिछले तीन साल में कैंसर से दर्जनभर से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। यहां भी वजह दूषित जल ही है। कॉलोनी के आसपास चल रही फैक्ट्रियां भूजल को दूषित कर रही हैं।
मोहल्ले के लोगों ने कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की लेकिन नतीजा सिफर रहा। मोहल्ला के लोगों ने बताया कि भूमिगत जल इतना दूषित हो चुका है कि इसका सेवन जहर से कम नहीं है। कैंसर रोग उनके जीवन पर भारी पड़ रहा है।
तीन वर्ष में 12 से अधिक लोगों की कैंसर के कारण मौत हो चुकी हैं। साथ ही हेपेटाइटिस-सी, किडनी और लीवर संबंधी बीमारियां लोगों को परेशानी में डाल रहीं हैं। उन्होंने बताया कि मोहल्ले के पास कुछ फैक्ट्रियां चल रहीं हैं।
इनमें से किसी एक ने बोर किया हुआ है, जिसमें केमिकल का पानी सीधे नीचे उतार दिया जाता है। यह पानी हैंडपंपों के जरिए उनके स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल रहा है। कई बार प्रशासनिक अफसरों से राहत की गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन समस्या जस की तस है।
शुक्रवार को इसके विरोध में लोगों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने जल्द राहत नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। प्रदर्शन करने वालों में कविता, शीला, मनोज, कमलेश, दिनेश, राजेश, संजय, कविता, लज्जा, राकेश, कांता, रेशम, पूनम, सीमा, सतीश, मुकेश, मंजू आदि मौजूद रहे।
मोहल्ले में कैंसर के कारण 65 वर्षीय भागमल, 60 वर्षीय राम किशन, 45 वर्षीय कमलेश देवी, 60 वर्षीय मुन्नी देवी, 55 वर्षीय ब्रह्मपाल सिंह, 45 वर्षीय सुखदेव, 48 वर्षीय शिवकुमार, 55 वर्षीय शंभुदयाल की मौत हो चुकी है।
ये लोग हैं कैंसर से पीड़ित। इन दिनों कैंसर से 40 वर्षीय रामभजन, 55 वर्षीय अंगूरी देवी, 45 वर्षीय राधेश्याम समेत आधा दर्जन लोग कैंसर से पीड़ित चल रहे हैं।
मामला मेेरे संज्ञान में नहीं है। लोगों को बेहतर इलाज मिलेगा, इसके लिए वह सीएचसी पर जा सकते हैं। डॉ. एके सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी