हापुड़ थाना देहात क्षेत्र के हाईवे 9 स्थित मंसूरपुर कट के पास सोमवार की दोपहर किसी वाहन से चांदी जैसी सफेद धातु बिखर गई। हाईवे से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत वाहन रोककर उन्हें बटौरना शुरू कर दिया। इस दौरान हाईवे पर लंबा जाम लग गया।सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहगीरों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में काफी संख्या में राहगीर अपने-अपने वाहनों को हाईवे पर खड़ा कर सड़क से सफेद धातु को बटौर रहे थे। इस दौरान जाम लगने से यहां यातायात बाधित हो गया। राहगीर वीडियो बनाने वाले व्यक्ति से चांदी बटौरने की बात वीडियो में कहते हुए दिखाई दे रहे थे।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार पुलिस बल के साथ हाईवे पर पहुंचे और राहगीरों को समझाकर उनके वाहनों को हाईवे किनारे खड़ा कराया। इसके बाद पुलिस टीम ने यातायात को सुचारू कराया।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि किसी वाहन से सफेद धातु के हाईवे पर गिरने की सूचना थाना देहात पुलिस को मिली थी। सफेद धातु किस वाहन से गिरी और कैसी है, इसका अभी इसका पता नहीं चल पाया है। किसी ने पुलिस से कोई शिकायत भी नहीं की है। इसके बाद भी पुलिस मामले की जांच कर रही है।