सडक़ हादसे में घायल युवक के बारे में सीएचसी में स्वास्थ्यकर्मियों से जानकारी करते पुलिसकर्मी। सं
गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-09 पर टोल प्लाजा के पास रविवार को वन-वे पर सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार राजकुमार निवासी जनपद मेरठ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार जनपद मेरठ के थाना किठौर के गांव कासमपुर निवासी राजकुमार (30) पुत्र रत्नपाल गांव के ही अपने साथी दीपक के साथ बाइक पर सवार होकर अमरोहा की ओर जा रहे थे। कांवड़ यात्रा के चलते हाईवे पर वन-वे व्यवस्था लागू है और दोनों दिशाओं के वाहन एक ही साईड से गुजर रहे हैं। जैसे ही उनकी बाइक कोतवाली क्षेत्र में अल्लाबख्शपुर गांव के निकट टोल प्लाजा के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में राजकुमार नियंत्रण खो बैठे और बाइक डिवाइडर से जा टकराई।
टक्कर इतनी तेज थी कि राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका साथी दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को गढ़ सीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए मेरठ के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहीं, पुलिस ने राजकुमार के परिजनों को हादसे की सूचना दी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सीओ राहुल यादव ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।