हाफिजपुर। थाना क्षेत्र के एनएच-334 स्थित यादव ढाबा के पास गलत दिशा से आ रही ई-रिक्शा की कार से भिड़ंत हो गई। हादसे में ई-रिक्शा सवार गांव हरसिंगपुर निवासी मुकेश (55) की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद हाईवे की एक तरफ यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराकर यातायात सुचारू कराया। हादसे में ई-रिक्शा व कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं।
पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव हरसिंगपुर निवासी मुकेश बृहस्पतिवार की शाम करीब सात बजे अपने गांव के ही ई-रिक्शा चालक ललित उर्फ दिनेश के साथ रिक्शा में सवार होकर गलत दिशा से हापुड़ की तरफ जा रहे थे। कुराना टोल से कुछ दूर पहले एनएच-334 स्थित यादव ढाबा के सामने पहुंचने पर सामने से आ रही कार से उनकी भिड़ंत हो गई। इसमें मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ललित गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में ई-रिक्शा व कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और हाईवे की एक तरफ वाहनों का लंबा जाम लग गया था। हादसे के बाद कार चालक भाग गया।
सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी प्रवीन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल नरेंद्र को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद पुलिस टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि पुलिस ने घायल ललित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। हालांकि हादसे के संबंध में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।