हापुड़ । नगर पालिका ने नालों की सफाई पर करीब दस लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन बृहस्पतिवार तड़के सुबह हुई बरसात ने इस सफाई अभियान की पोल खोल दी। करीब एक घंटे तक बरसात में नाले ओवरफ्लो हो गए और मुख्य मार्गाें से लेकर मोहल्लों में जलभराव हुआ। इस कारण सड़कों पर कीचड़ भी हो गया। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा।
लगभग 20 दिनों से नालों की सफाई कराई जा रही है। लगभग 10 लाख रुपये की लागत से जेसीबी मशीनों, ट्रैक्टर-ट्राली आदि की मदद से सफाई का कार्य हुआ था। उम्मीद थी कि इस बरसात में जलभराव की समस्या से जूझना नहीं पड़ेगा, लेकिन बृहस्पतिवार की सुबह ही शहर की सड़कों पर जलभराव हो गया।
तड़के सुबह करीब चार बजे तेज बरसात शुरू हुई। लगभग एक घंटे तक झमाझम बारिश होने से शहर की सड़कों पर जलभराव हो गया। मेरठ रोड पर रोडवेज बस में जलभराव के बाद कीचड़ पसर गया। इस कारण यहां से यात्रियों को निकलने में परेशानी हुई। मेरठ रोड पर ही साइलो द्वितीय पुलिस चौकी के बाहर दुकान के आगे जलभराव हुआ।
इन मार्गों पर भी हुआ जलभराव
किठोर रोड, गढ़ रोड, धीरखेड़ा मार्ग, मेरठ रोड, मीनाक्षी रोड, रेलवे रोड, फ्री गंज रोड आदि मार्गों पर जलभराव हुआ। साथ ही इन मार्गों से जुड़े 15 से अधिक मोहल्लों में भी एक से डेढ़ फुट तक जलभराव होने से लोग परेशान हुए।
सुबह पांच घंटे गुल रही बिजली
बरसात के कारण शहर से लेकर देहात तक सुबह पांच घंटे बिजली आपूर्ति बंद रही। इस कारण लाखों उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ा। सुबह करीब चार बजे से पटना मुरादपुर, स्वर्ग आश्रम रोड, टाउन हाल, मोदीनगर रोड, दिल्ली रोड प्रथम व द्वितीय, रामपुर रोड, आनंद विहार और प्रीत विहार बिजली घर सुबह नौ बजे तक बंद रहे। इन बिजली घरों से करीब 50 हजार भवनों को आपूर्ति होती है। हालांकि, सुबह के समय आपूर्ति बंद रहने से व्यापारियों को परेशानी नहीं हुई, लेकिन घर के कार्यों में जरूर बाधा उत्पन्न हुई।
बारिश से सुहावना हुआ मौसम, दोपहर के समय निकली धूप
बरसात के बाद तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि, बुधवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान एक से दो डिग्री ऊपर बढ़ा हुआ था। सुबह के समय लाेगों ने बरसात का पूरा आनंद उठाया और बारिश में लोग जमकर नहाए।
नगर पालिका में सफाई वाहनों की स्थिति
एक छोटी व एक बड़ी जेसीबी मशीन
- दो पोपलेन मशीन छोटी, एक बड़ी
- तीन लोडर
- पांच डंपर
- मिनी ट्रक चार
- चार कूड़ा कांप्टेक्टर
- छह ट्रैक्टर-ट्राली
- डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के वाहन प्रति वार्ड अलग से हैं।
यह कहते हैं अधिकारी
सुबह के समय कुछ स्थानों पर जलभराव की शिकायत थी, लेकिन नालों की सफाई बेहतर तरीके से होने के कारण तुरंत पानी निकल गया। लोगों को कोई परेशानी नगर पालिका के कारण नहीं झेलनी पड़ी है।
- मनोज कुमार, ईओ व डिप्टी कलक्टर
-