हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में कुचेसर रोड चौपला पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार छोटे भाई की मौत हो गई। जबकि बड़ा भाई घायल हो गया। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव नली हुसैनपुर निवासी गोपाल सिंह अपने 37 वर्षीय छोटे भाई राकेश के साथ बाइक पर सवार होकर कुचेसर रोड चौपला पर कुछ सामान खरीदने के लिए आया था। रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे दोनों भाई सामान खरीदकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह कुचेसर रोड चौपला से स्याना रोड पर क्रेशर के पास पहुंचे तो अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बाइक सवार राकेश सड़क पर गिर गया और वाहन की चपेट में आकर उसकी मौत गई। जबकि उसका बड़ा भाई गोपाल घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना पर थाना बाबूगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक राकेश की एक दो साल की बच्ची है। उसकी छह दिसंबर को शादी की सालगिरह भी थी। राकेश की मौत की सूचना जैसे ही परिजन को मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जल्द ही वाहन को तलाश कर लिया जाएगा।