हापुड़। नगर के स्कूलों में सोमवार को वसंत पंचमी मनाई गई। इस दौरान स्कूलों में विद्यादायिनी मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की गई। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। इन कार्यक्रमों ने लोगों का मनमोह लिया। सभी ने स्कूलों में पीले रंग के कपड़े पहने और पीले रंग का ही खाना भी खाया।
वैम्बू ग्रोव स्कूल में विद्यालय के डायरेक्टर प्रदीप सुंदर नारायण सिंह ने बच्चों और शिक्षकों की मौजूदगी में मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की। साथ ही सभी को वसंत पंचमी का महत्व बताया। बोर्ड ऑफ डायरेक्टर डाॅ. राधा त्यागी व प्रधानाचार्य मंजू त्यागी द्वारा सरस्वती वंदना को बहुत ही खूबसूरत अंदाज में प्रस्तुत किया।
मोहल्ला श्रीनगर स्थित जीएसआई इंस्टीट्यूट में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। दिव्य पूजन कर मां सरस्वती की आराधना की गई। प्रबंधक सुनील शर्मा ने छात्रों को वसंत पंचमी का महत्व बताया। डायरेक्टर कविता शर्मा ने परीक्षा में किस प्रकार तैयारी करें, इसकी जानकारी दी। इस दौरान नितिन, रेखा, वृंदा, गौरांगी, सारवी, अदिति, वर्णिका, अंजुम आदि उपस्थित रहे।
एसएसवी पीजी कॉलेज के बीएड विभाग में प्राचार्य प्रोफेसर नवीन चंद्र व विभाग अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार ने शुभारंभ किया। प्राचार्य प्रोफेसर नवीन चंद्र और कार्यक्रम समन्वयक डॉ. वंदना वशिष्ठ ने कहा कि मां सरस्वती विद्या, ज्ञान, बुद्धि कला और संगीत की देवी है। मां सरस्वती का ध्यान करके ही प्रत्येक विद्यार्थी अपनी परीक्षाएं दे तो उसकी सफलता का मार्ग प्रशस्त होगा। मौके पर डॉ. शिखा अग्रवाल ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
वहीं, ग्राम भारती द्वारा पिलखुवा में संचालित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज छिजारसी में मां सरस्वती का पूजन व यज्ञ हुआ। मुख्य अतिथि हेमराज, समिति के सदस्य अमित और प्रतीश तोमर ने दीप प्रज्ज्वलन किया। विद्यालय की छात्राओं ने मां सरस्वती की वंदना प्रस्तुति की। प्रधानाचार्य विकास पुण्डीर ने जीवन में शिक्षा का महत्व बताया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। मौके पर ठाकुर दास, मुकेश आदि उपस्थित रहे।